सहारनपुर। नगर निगम के वार्ड संख्या 62 (याहियाशाह) में विकास कार्यों को लेकर स्थानीय जनता की नाराजगी अब चरम पर पहुंच गई है, जिसके चलते क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। वार्ड के विभिन्न मोहल्लों के निवासियों ने सीधा आरोप लगाया है कि चुनाव जीतने के बाद पार्षद सायमा और उनके प्रतिनिधि इजहार मंसूरी ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं की तरफ पूरी तरह से आंखें मूंद ली हैं। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के जो बड़े-बड़े वादे किए गए थे, वे आज तक धरातल पर कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। वार्डवासियों ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जीत दर्ज करने के बाद से न तो पार्षद और न ही उनके प्रतिनिधि इजहार मंसूरी इन इलाकों में कभी दिखाई दिए हैं, हालात यह हैं कि उन्हें चिराग लेकर ढूंढो तो भी उनका कोई अता-पता नहीं मिलता। इस जनप्रतिनिधि की बेरुखी के कारण आज सराय कलंदर बख्श, लोहारों की गली, नीम तला, खजूर तला, राजो का मोहल्ला, शाहबीलोल और दल्लू का कुआं सहित कई घने इलाकों में सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद बदतर बनी हुई है। जनता द्वारा कई बार गुहार लगाने के बावजूद इन समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया गया। क्षेत्रवासियों ने पार्षद प्रतिनिधि पर ऑनलाइन दिखावे का आरोप लगाते हुए कहा कि इजहार मंसूरी सोशल मीडिया पर तो विकास कार्यों के वीडियो और तस्वीरें लगातार साझा करते हैं, लेकिन जिन मोहल्लों में लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, वहां की जमीनी हकीकत को सोशल मीडिया के प्रचार से पूरी तरह छुपा दिया जाता है। इसके अलावा वार्ड में करीब 20 सफाई कर्मचारी तैनात होने के बावजूद जमीनी स्तर पर इक्का-दुक्का कर्मचारी ही नजर आता है, जो सफाई व्यवस्था की पोल खोलता है। स्थानीय नागरिकों का यह भी आरोप है कि विकास कार्यों में सभी मोहल्लों को समान प्राथमिकता न देकर कुछ खास क्षेत्रों की घोर उपेक्षा की गई है। जैसे-जैसे नगर निकाय चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं की सोशल मीडिया पर सक्रियता और राजनीतिक हलचल तो बढ़ गई है, लेकिन जनता इस बार केवल प्रचार से बहलने वाली नहीं है, बल्कि वह पिछले तीन वर्षों के कार्यों का पूरा हिसाब मांग रही है। वार्ड के मतदाताओं ने साफ चेतावनी दी है कि इस बार वे सिर्फ चुनाव के समय आकर बेवकूफ बनाने वाले और बाद में गायब हो जाने वाले जनप्रतिनिधियों को सबक सिखाने का मन बना चुके हैं, जिसका सीधा असर आगामी निकाय चुनाव के नतीजों में देखने को मिलेगा।
