सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो खैर नहीं
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शांति समिति के साथ समन्वय
नई परंपरा और अवैध कटान पर पूर्ण प्रतिबंध
अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर। आगामी पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए आज पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सहारनपुर परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह ने एक विशेष बाइट जारी कर पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी और आमजन से सहयोग की अपील की।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बनाए रखने के लिए सहारनपुर रेंज के सभी जनपदों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने अवगत कराया कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सभी क्षेत्रों में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और शांति समिति (पीस कमेटी) के सदस्यों के साथ बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया है ताकि किसी भी स्तर पर कोई समस्या खड़ी न हो।
परिक्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए डीआईजी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ईद-उल-अजहा के अवसर पर किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत बिल्कुल न की जाए। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिबंधित या अवैध पशु कटान जैसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें। सभी नागरिक शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस और कानून का पालन करते हुए इस पर्व को आपसी सौहार्द और सद्भाव के साथ मनाएं।
डीआईजी ने आमजन से समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया को लेकर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर या फॉरवर्ड न करें। पुलिस की साइबर सेल हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
