अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर। शासन की प्राथमिकताओं और निर्देशों के अनुपालन में पुलिस प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह द्वारा रेंज कार्यालय में ‘जनसुनवाई’ का आयोजन किया गया। इस दौरान सहारनपुर परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों से आए दर्जनों फरियादियों ने डीआईजी के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं।
जनसुनवाई के दौरान डीआईजी अभिषेक सिंह ने एक-एक कर सभी पीड़ितों और पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता व गंभीरतापूर्वक सुना। मामलों की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मौके से ही संबंधित जनपदों के पुलिस अधिकारियों को फोन पर और लिखित रूप से शिकायतों के निस्तारण के कड़े निर्देश जारी किए।
डीआईजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न होकर पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत को पूरी जिम्मेदारी के साथ समय सीमा के भीतर निपटाया जाए, ताकि पीड़ित को त्वरित न्याय मिल सके और पुलिस व्यवस्था पर आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
सुनवाई के दौरान डीआईजी ने एक और महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि शिकायत दर्ज होने के बाद मामले में क्या प्रगति हुई है, इससे शिकायतकर्ता को नियमित रूप से अवगत कराया जाए। इससे न केवल पुलिसिंग में पारदर्शिता आएगी, बल्कि अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि जनसुनवाई के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *