सहारनपुर में ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के ग्राम प्रधानों के लिए शासन स्तर से एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी ग्राम प्रधानों का कार्यकाल अगले 6 महीनों के लिए बढ़ा दिया है। गौरतलब है कि इन सभी पंचायत प्रतिनिधियों का तय कार्यकाल आज यानी 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा था। शासन के इस ऐतिहासिक फैसले के बाद पूरे प्रदेश सहित सहारनपुर के पंचायत प्रतिनिधियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कार्यकाल बढ़ने की आधिकारिक सूचना मिलते ही सहारनपुर प्रधान संगठन के अध्यक्ष संजय वालिया के आवास पर जश्न का माहौल बन गया। इस दौरान दानिश प्रधान सहित भारी संख्या में ग्राम प्रधान और पंचायत प्रतिनिधि एकत्रित हुए। सभी प्रधानों ने सरकार के इस फैसले पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। इस मौके पर प्रधानों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर को प्रतीकात्मक रूप से लड्डू खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया और दिल से उनका आभार प्रकट किया।
आपको बता दें कि समय पर चुनाव न होने की स्थिति में पहले शासन स्तर पर यह सुगबुगाहट चल रही थी कि ग्राम पंचायतों की कमान शासकीय अधिकारियों (प्रशासकों) के हाथों में सौंप दी जाएगी। इस संभावित फैसले को लेकर ग्राम प्रधानों में भारी रोष और असंतोष व्याप्त था। प्रधानों का साफ तर्क था कि अधिकारियों की नियुक्ति होने से ग्रामीण विकास के कार्य पूरी तरह ठप हो जाएंगे और ग्रामीण जनता की सुनवाई प्रभावित होगी।
अपनी इस मांग को लेकर सहारनपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में प्रधान संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किए थे और धरने दिए थे। आखिरकार, प्रधानों के लगातार विरोध और पंचायती राज संगठनों की न्यायसंगत मांग का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने चुनाव टलने की स्थिति को देखते हुए मौजूदा प्रधानों का ही कार्यकाल 6 माह आगे बढ़ाने का संवेदनशील निर्णय लिया।
प्रधान संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने जमीनी स्तर के जनप्रतिनिधियों की भावना और ग्रामीण विकास की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। अध्यक्ष संजय वालिया के आवास पर आयोजित इस धन्यवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से आए कई प्रमुख ग्राम प्रधानों ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार के इस कदम का पुरजोर स्वागत किया।
