अजीम अख्तर
ब्यूरो दैनिक मानव जगत
सहारनपुर में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का महा-अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ शुरू हो चुका है, जिसके तहत डीआईजी अभिषेक सिंह के सख्त निर्देश पर जिले के आठ थानों की पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और एसपी देहात मयंक पाठक के मार्गदर्शन में चली इस चौतरफा कार्रवाई से पूरे जिले के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
इस ताबड़तोड़ एक्शन के तहत पहली बड़ी कामयाबी थाना मण्डी पुलिस को मिली, जहाँ थाना प्रभारी सतपाल सिंह भाटी की टीम ने 158 ग्राम अवैध चरस के साथ शातिर नशा तस्कर अब्दुल्ला को रंगे हाथों दबोच लिया। वहीं थाना देहात कोतवाली प्रभारी देवेश कुमार शर्मा की टीम ने मंशापुर नहर पटरी पर घेराबंदी करके अरमान और शाकिर नाम के दो तस्करों को 15 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया, जिन पर पहले से ही चोरी और आर्म्स एक्ट के नौ मामले दर्ज हैं। कार्रवाई का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका, थाना फतेहपुर के प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा की टीम ने भी छुटमलपुर के दीपक को 12.42 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा।
इसके बाद थाना कुतुबशेर पुलिस को दोहरी सफलता हाथ लगी, जहाँ थाना प्रभारी हृदय नारायण सिंह की टीम ने आसाराम बापू आश्रम के संचालक की हत्या के आरोपी सेवादार गौरव कुमार गुप्ता को आला-कत्ल यानी लोहे की रॉड के साथ गिरफ्तार किया और साथ ही साहिल उर्फ शालू नाम के एक अन्य आरोपी को 120 ग्राम चरस के साथ हवालात का रास्ता दिखाया। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के मोर्चे पर भी पुलिस ने कड़ा प्रहार किया, जिसके तहत थाना सरसावा प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा की टीम ने नाबालिग से छेड़छाड़ के दो आरोपियों सादाब और अब्दुल रहीम को पोक्सो एक्ट में जेल भेजा, तो वहीं थाना नानौता के प्रभारी नवीन कुमार सैनी की टीम ने भी छेड़छाड़ के आरोपी समीर को पोक्सो एक्ट में दबोचने के साथ-साथ लूट के वारंटी फल्लर उर्फ सतवीर को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई की इसी कड़ी में थाना चिलकाना में तैनात आईपीएस सिमरन सिंह और थानाध्यक्ष विनोद कुमार की टीम ने चोरी के गैस सिलेंडर के साथ शातिर चोर सागर उर्फ अमन को दबोचा और दो वारंटियों आसकदर व अफजाल को भी सलाखों के पीछे पहुँचाया, जबकि थाना मिर्जापुर के प्रभारी सुबे सिंह की टीम ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमिर नाम के युवक का शांतिभंग में चालान किया।
इस पूरी कार्रवाई पर एसएसपी अभिनंदन सिंह ने दो टूक शब्दों में साफ कर दिया है कि जिले में ‘ऑपरेशन सवेरा’ इसी तरह लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों, गुंडों तथा महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
