डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर। जनपद में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ ने थाना जानसठ स्थित मिशन शक्ति केन्द्र एवं साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, महिला हेल्प डेस्क,अभिलेखों तथा मिशन शक्ति अभियान से संबंधित गतिविधियों का गहनता से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम ने थाना जानसठ पर नियुक्त नवागत पुरुष एवं महिला आरक्षियों से संवाद स्थापित कर उनके प्रशिक्षण,कार्यप्रणाली तथा ड्यूटी संबंधी जानकारी प्राप्त की।उन्होंने पुलिसकर्मियों को महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने,पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता एवं सहानुभूतिपूर्वक सुनने तथा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इसके साथ ही उन्होंने साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की।उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव को लेकर आमजन को जागरूक किए जाने तथा साइबर हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन के संबंध में जानकारी ली।संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि साइबर अपराधों से पीड़ित लोगों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित एंटी रोमियो टीमों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई।एसपी क्राइम ने निर्देश दिए कि विद्यालयों,कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जाए तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को आमजन,विशेषकर महिलाओं एवं पीड़ित व्यक्तियों के साथ विनम्र, संयमित एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस का व्यवहार ही जनता में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है।निरीक्षण के दौरान सीओ जानसठ ऋषिका सिंह,थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
