एम अफज़ल गौर
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)
थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र से नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है और वापस नहीं लौटी। तहरीर के आधार पर थाना बिहारीगढ़ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान दीपक पुत्र धर्म सिंह निवासी सहसवा, थाना रामपुर मनिहारान का नाम सामने आया। जांच टीम ने दो मार्च को नाबालिग को बरामद कर लिया। पीड़िता के बयान दर्ज किए जाने के बाद मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दी गई, जिसमें पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी शामिल की गई हैं।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को ताल्हापुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
