एम अफज़ल गौर
बिहारीगढ़(सहारनपुर)
आगामी त्योहार होली, रमज़ान एवं ईद को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा ने की, जिसमें क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
गोष्ठी के दौरान उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि सभी त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं, इसके लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने गए। थानाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि त्योहारों के मद्देनज़र क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी देते हुए आमजन से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई। इस दौरान मुख्य रूप से वेदपाल गौतम, गुरमीत राठौर, सुधीर सैनी, राजकुमार बत्रा, नमन खुराना, अशोक राठौर सहित दर्जनों गणमान्य लोग और क्षेत्रीय व्यापारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *