दसवीं बार जिला बार संघ अध्यक्ष बने प्रमोद त्यागी
डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर। जिला बार संघ के चुनाव का अंतिम चरण पूरा होने के बाद सभी प्रमुख पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए।चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हुई। परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं में उत्साह का वातावरण दिखाई दिया और विजयी प्रत्याशियों को समर्थकों ने बधाई दी।अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में प्रमोद त्यागी ने 602 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उल्लेखनीय है कि वह दसवीं बार मुजफ्फरनगर जिला बार संघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मौहम्मद अंजुम खान को 59 मतों से पराजित किया। अंजुम खान को 543 मत मिले।अन्य प्रत्याशियों में अनिल जिंदल को 508,सुरेंद्र पाल मैनवाल को 177 तथा अर्जुन सिंह को 57 मत प्राप्त हुए।महासचिव पद पर सुरेंद्र कुमार मलिक ने 587 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी प्रदीप कुमार मलिक को 412, जितेंद्र कुमार को 396,नवाब अली चौधरी को 350 तथा विकास त्यागी को 138 मत मिले।वरिष्ठतम उपाध्यक्ष पद पर चंद्रवीर चौधरी ने 680 मत प्राप्त कर स्पष्ट बढ़त के साथ विजय हासिल की।ईश्वर चंद त्यागी को 477, धर्मेंद्र कुमार पुंडीर को 336 तथा नरेंद्र सिंह कश्यप को 322 मत प्राप्त हुए।कोषाध्यक्ष पद पर नीशुकांत शर्मा 620 मतों के साथ विजयी रहे। इस पद पर मुनव्वर हुसैन को 548,सुधीर कुमार चौहान को 412,अमित कुमार जैन को 133 तथा सुभाष चंद्र गर्ग को 127 मत प्राप्त हुए।चुनाव अधिकारी ज्ञानेंद्र त्यागी की देखरेख में मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।परिणामों की औपचारिक घोषणा के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने फूलमालाओं से सम्मानित किया और बार के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही।
