सहारनपुर। आम आदमी पार्टी के कार्यकताओं ने कथित मोदी-ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर डील को तत्काल निरस्त करने की मांग की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओ ने ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया।

जिला अध्यक्ष संजय कुमार जैन के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डील के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह ट्रेड डील देश के किसानों, छोटे व्यापारियों, एमएसएमई सेक्टर और आम नागरिकों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस समझौते की शर्तों, संभावित लाभार्थियों और दूरगामी प्रभावों को लेकर न तो संसद में विस्तृत चर्चा हुई है और न ही देश की जनता को पूरी जानकारी दी गई है।

ज्ञापन में कहा गया कि यदि भारतीय बाजार को विदेशी उत्पादों के लिए असंतुलित तरीके से खोला जाता है, तो इससे देश के किसानों और स्थानीय उद्योगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। पार्टी का आरोप है कि इस प्रकार के समझौते से कृषि क्षेत्र, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

आप कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया और राष्ट्रपति से मांग की कि देशहित को ध्यान में रखते हुए इस समझौते को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए। साथ ही संविधान प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए केंद्र सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया। इस दौरान कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *