सहारनपुर। जनपद पुलिस ने राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर रन फाॅर यूनिटी का भव्य आयोजन किया, जिसमें पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों उत्साह के साथ भाग लिया और स.पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र एकता की शपथ ली।
स.पटेल की जयंती के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स से भव्य रन फाॅर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः कालीन समय में डीआईजी अभिषेक सिंह ने फ्लैग ऑफ कर किया। गया। कार्यक्रम के आरंभ में अधिकारियों द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, तत्पश्चात सभी उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने भारत की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने, तथा देश की विविधता में एकता के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डीआईजी अभिषेक सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और प्रशासनिक कुशलता से भारत की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्र की एकता और अखण्डता की नींव रखी। उनके योगदान के प्रति यह आयोजन राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की अखण्डता, एकता और सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए।
रन फाॅर यूनिटी के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने जोशपूर्ण वातावरण में भारत माता की जय एवं एकता अमर रहे के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ किया गया। पूरा आयोजन देशभक्ति, अनुशासन और सौहार्द की भावना से परिपूर्ण रहा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन, पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी उपस्थिति रहे।
