डाo एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ के नेतृत्व में जनपद में एनसीएल(NCL) जागरूकता अभियान 2.0” के तहत बुधवार को श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज के लॉ कॉलेज में नए आपराधिक कानूनों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी पोस्टर और बैनर के माध्यम से दी गई।साथ ही विद्यार्थियों के बीच तीनों नए कानूनों पर वाद-विवाद,निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने कहा कि नए कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी,सरल और पीड़ित-केंद्रित बनाना है।इन संहिताओं के माध्यम से अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ पीड़ितों के अधिकारों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है।उन्होंने बताया कि नए कानूनों में डिजिटल साक्ष्य की स्वीकृति, ऑनलाइन एफआईआर की सुविधा,बलात्कार पीड़ितों की गोपनीयता की रक्षा तथा जमानत और गिरफ्तारी से जुड़े सुधार जैसे कई महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं।पहली बार मॉब लिंचिंग,आतंकवाद और स्नैचिंग जैसे अपराधों को परिभाषित कर दंड का प्रावधान किया गया है।इंदु सिद्धार्थ ने कहा कि वीडियो ट्रायल और फोरेंसिक साक्ष्य को महत्व देकर न्याय प्रक्रिया को अधिक त्वरित व साक्ष्य-आधारित बनाया गया है।साथ ही अब पीड़ित बिना थाने गए ऑनलाइन या जीरो एफआईआर दर्ज करा सकते हैं।कानूनी जागरूकता से जुड़ी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रतिभागियों ने नए कानूनों की बारीकियों पर अपने विचार रखे और समाज में इनके सकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की।विजेताओं को सम्मानित करते हुए इंदु सिद्धार्थ ने कहा कि युवा वर्ग समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।उन्हें कानूनों की जानकारी होना न केवल उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक है बल्कि यह समाज में कानूनी चेतना और उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करता है।कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधक रविन्द्र प्रताप सिंह,प्राचार्या डाo प्रेरणा मित्तल,प्रबंधन सदस्य डाo पुरुषोत्तम सिंह,शिक्षण स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
