डाo एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर।उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में शनिवार को जनपद के विभिन्न थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया जिसमें डीएम उमेश मिश्रा,एसएसपी संजय कुमार वर्मा,एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और एसपी देहात आदित्य बंसल ने अलग-अलग थानों का निरीक्षण कर जनता की समस्याएं सुनीं।डीएम और एसएसपी ने थाना कोतवाली नगर पर आयोजित समाधान दिवस में जनता की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष,गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने विशेष रूप से कहा कि महिला अपराध से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए तथा सभी अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें।साथ ही उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराध और ठगी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।वहीं एसपी देहात आदित्य बंसल ने थाना भोपा पर आयोजित समाधान दिवस में सीओ देववृत बाजपेई और थाना प्रभारी मुनीश कुमार के साथ शिकायतें सुनीं और निर्देश दिया कि जनता की प्रत्येक समस्या का निष्पक्ष समाधान समय सीमा में किया जाए।उन्होंने भी साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया।इसी क्रम में एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने थाना पुरकाजी पर आयोजित समाधान दिवस में जनसुनवाई करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन का दायित्व है कि वह आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुने और उनका समाधान प्राथमिकता से करे।उन्होंने भी उपस्थित लोगों को साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की।जनसुनवाई के दौरान सभी अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनविश्वास को मजबूत करने का माध्यम है।अधिकारीयों ने संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों के शत-प्रतिशत निस्तारण का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
