डाo एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर/लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शनिवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो तथा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न होने पाए।सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने पर बल दिया गया।बैठक में पाया गया कि अधिकांश जनपदों में गणना प्रपत्रों की छपाई पूर्ण हो चुकी है जबकि प्रयागराज,मेरठ, हरदोई,बहराइच,वाराणसी, बलरामपुर,सोनभद्र,गाजीपुर, देवरिया,अमरोहा,जौनपुर, फतेहपुर,गाजियाबाद, शाहजहांपुर,गोरखपुर, कासगंज,आगरा,उन्नाव, बदायूं,बांदा और हापुड़ जैसे जिलों को वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सभी जनपदों को 15 नवम्बर 2025 तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश मिले।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बीएलओ ऐप का एडवांस वर्जन 8.7 डाउनलोड कर गणना प्रपत्र वितरण की प्रगति को ऑनलाइन अपडेट किया जाए।मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल पर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से गणना प्रपत्र ऑनलाइन भर सकते हैं।मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा शुरू की गई है जिसके तहत मतदाता पोर्टल पर अनुरोध डालकर 48 घंटे के भीतर बीएलओ से वार्ता कर सकते हैं।सभी जिलों में जिला संपर्क केंद्र (DCC) सक्रिय कर दिए गए हैं जहाँ एसटीडी कोड के साथ 1950 डायल कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान की प्रगति साझा करने और भ्रामक पोस्टों पर तथ्यात्मक प्रतिक्रिया देने के भी निर्देश दिए गए।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों व मतदाताओं से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है।
