अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर। बुधवार को थाना कोतवाली देहात पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी फैसल, जो कि शेखपुरा कदीम का रहने वाला है, पिछले करीब एक महीने से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था, जिसे आज देहात पुलिस ने जिला अस्पताल चौक के पास से घेराबंदी करके दबोच लिया।
पूरा मामला बीते 24 अप्रैल का है, जब पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि फैसल ने उनकी बेटी को निकाह का झांसा दिया और फिर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस शिकायत पर पुलिस ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक हृदय नारायण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। आज मुखबिर की सटीक सूचना पर देहात पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी फैसल को जिला अस्पताल चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इस कामयाब कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में निरीक्षक संदीप वालियान, वरिष्ठ उप-निरीक्षक नीरजा गुप्ता, हेड कांस्टेबल रोबिन ढाका और हेड कांस्टेबल विकास पूनिया शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
