अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देर रात एक मुठभेड़ के दौरान इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और गौकश अभियुक्त सलमान को घायलावस्था में गिरफ्तार किया है। हालांकि, उसका एक अन्य साथी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मिर्जापुर से बादशाहीबाग जाने वाले मार्ग पर कासमपुर बिजली घर के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बादशाहीबाग की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया गया, तो मोटरसाइकिल सवार बदमाश हड़बड़ा गए। उन्होंने तुरंत गाड़ी मोड़ी और पाडील गांव की तरफ जाने वाले रजवाहे के कच्चे रास्ते पर भागने लगे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसल कर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की तरफ भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान सलमान पुत्र वरीस (निवासी: ग्राम महमूद मजरा रायपुर, थाना मिर्जापुर) के रूप में हुई है, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सलमान थाना मिर्जापुर का रजिस्टर्ड हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गोकशी और जानलेवा हमले जैसी संगीन धाराओं में लगभग 14 मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने कुबूला कि वह अपने साथी के साथ मिलकर आवारा पशुओं को पकड़कर सुनसान जंगल में उनका कटान करता था। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक .315 बोर तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, उ0नि0 अवशेष भाटी, हे0का0 भूपेन्द्र कुमार, हे0का0 ललित, का0 चिराग कुमार, का0 पंकज कुमार और का0 मंजीत कुमार शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *