अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत जनकपुरी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रभारी निरीक्षक नेमचन्द सिंह के कुशल नेतृत्व में काम कर रही पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए पोस्टमार्टम हाउस के पास से एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शांति नगर, जेल चुंगी निवासी आदित्य उर्फ सन्नी पुत्र राकेश के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से पुलिस ने 122 ग्राम अवैध चरस और नशीले पदार्थों की बिक्री से कमाए गए 400 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक कुशवाह के साथ हेड कांस्टेबल मनवीर, कांस्टेबल अजय और रिक्रूट कांस्टेबल रवि शामिल रहे। पुलिस ने इस बरामदगी के आधार पर थाना जनकपुरी में अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब इस काले कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसके खिलाफ पहले से ही थाना जनकपुरी और सदर बाजार में आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में 5 अन्य मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को समय से न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
