एसएसपी अभिनंदन सिंह ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के अंतर्गत आज दिनांक 27 अप्रैल 2026 को सहारनपुर जनपद में आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनंदन सिंह ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मुख्य रूप से सन्तालाल एण्ड जयनारायण खेमका गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इण्टर कॉलेज और इस्लामिया इण्टर कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की।
एसएसपी ने विशेष रूप से परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता और रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और प्रवेश प्रक्रिया को अत्यंत सावधानीपूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्र पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र प्रभारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सख्त लहजे में कहा कि यदि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि या चूक पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी के इस औचक निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल नहीं दिखा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद नजर आई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *