थाना जनकपुरी पुलिस टीम ने वहान चोर गिरोह पर लगाई लगाम

अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर: जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ा प्रहार करते हुए थाना जनकपुरी पुलिस ने अस्पताल परिसर में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय स्तर के शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसपी सिटी व्योम बिन्दल ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि जनकपुरी प्रभारी निरीक्षक नेमचन्द सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 ऐसे शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो जिला अस्पताल और महिला अस्पताल से लगातार मोटरसाइकिलें पार कर रहे थे।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर अंकित, असीम, उस्मान और यूसुफ को अलग-अलग स्थानों से दबोचा। पूछताछ में इन शातिर चोरों ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला है। शातिर चोर अंकित अस्पताल से बाइकें चोरी करता था और उन्हें असीम को 2000 रुपये प्रति बाइक के हिसाब से बेच देता था। असीम अपनी पहचान छिपाने और पकड़े जाने के डर से चोरी की इन बाइकों को तुरंत काट देता था और उनके पुर्जे अपने ही गांव के कबाड़ियों, उस्मान और यूसुफ को 4000 रुपये में सप्लाई कर देता था। ये शातिर चोर सबूत मिटाने के लिए बाइकों को रेहड़ों में तब्दील कर देते थे या उनके पार्ट्स अलग-अलग करके बेच देते थे।
पुलिस ने इनके पास से चोरी की बजाज CT-100, 4250 रुपये नकद, 4 मोटर साइकिल रेहड़े और कटे-फटे पुर्जों से भरे कई प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं। बीते 9 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच जिला अस्पताल और महिला अस्पताल से चोरी हुई बाइकों के संबंध में दर्ज 7 अलग-अलग मुकदमों का खुलासा करते हुए पुलिस ने इन सभी शातिर चोरों को जेल भेजने की कार्रवाई पूरी कर ली है। जनकपुरी पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई ने न केवल वाहन स्वामियों को राहत दी है, बल्कि शातिर चोरों के पूरे नेटवर्क को भी नेस्तनाबूद कर दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *