सहारनपुर। महानगर की प्रमुख शिक्षण संस्था आशा मॉर्डन स्कूल में “तीन नये कानून”, साइबर जागरूकता एवं मिशन शक्ति 5.0 अभियान के सम्बन्ध में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।
चंद्र नगर स्थित आशा मॉडर्न स्कूल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डी.आई.जी.(सहारनपुर रेंज) अभिषेक सिंह, एस.पी.ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा, एस.पी.सिटी व्योम बिंदल, सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार यादव, प्रोग्रेसिव स्कूल्स सोसायटी के संयोजक सुरेन्द्र चैहान, स्कूल के प्रधानाचार्य दिव्य जैन ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने कहा कि कानून न केवल न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाते हैं, बल्कि महिला एवं बाल सुरक्षा को भी अधिक सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र छात्राएं सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सावधानी बरतें क्योंकि साईबर अपराधी मोबाइल पर गेम खेलते हुए मोबाइल फोन को हैक कर लेते हैं। उन्होंने बच्चों से लगन व मेहनत से शिक्षा हासिल करने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक यातायात सिद्धार्थ वर्मा ने बच्चों को साईबर क्राइम के प्रति जागरूक करने के साथ ही यातायात के नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी प्रदान की तथा साइबर अपराधों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर फ्रॉड से बचाव एवं ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने बच्चों को शासन द्वारा महिला सुरक्षा के लिए बनाए गए कानून व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 हेल्पलाइन या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दे। सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज यादव ने भी छात्र छात्राओं को नये कानूनों के बारे में जानकारी दी।
प्रोग्रेसिव स्कूल्स सोसायटी के संयोजक सुरेन्द्र चैहान ने कहा कि बच्चे अपना लक्ष्य निर्धारित कर लगन व मेहनत से शिक्षा हासिल करें तथा अपने गुरुजनों व माता पिता का सम्मान करे। स्कूल के प्रधानाचार्य दिव्य जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कोतवाली सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक कपिल देव महिला थाना प्रभारी बबीता तोमर, महिला सबइंस्पेक्टर अर्शिया कुरैशी, गागलहेड़ी चैकी इंचार्ज मोनिका यादव, खलासी लाइन चैकी इंचार्ज सुशील पँवार, साइबर क्राइम थाना के सबइंस्पेक्टर साबिर अली आदि सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *