परीक्षा को शान्ति एवं शुचितापूर्ण ढंग से कराएं सम्पन्न: जिला मजिस्ट्रेट
परीक्षार्थियों को न हो किसी प्रकार की असुविधा: मनीष बंसल
परीक्षा की पारदर्शिता भंग करने वालों के विरूद्ध की जाएगी कड़ी कार्यवाही
सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर पुरूष एवं महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर उपस्थित सभी कार्मिक अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र जरूर प्रदर्शित करें।
जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल आज यहां कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में 14 एवं 15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित कराई जाने वाली उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र पर्यवेक्षक निर्धारित प्रक्रियानुसार परीक्षा के सफल संचालन के लिए आत्मानुशासन एवं समयबद्धता से सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होने रेलवे, रोडवेज एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को आवागमन मंे किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे। साथ ही होटलो एवं धर्मशालाओं में भी ठहरने पर किसी को दिक्कत न हो। होटल, धर्मशाला सहित ई-रिक्शा की दरें भी निर्धारित की जाएं।
मनीष बंसल ने कहा कि समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। उप निरीक्षक नागरिक सुरक्षा एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा जनपद में 25 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगी। प्रथम पाली पूर्वान्ह 10 से 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 03 से 05 बजे तक चार सत्रों में होगी।
परीक्षा के दौरान सभी अधिकारी भ्रमणशील रहें। कोषागार से परीक्षा केन्द्रों तक प्रश्न पत्र को गाडी में पुलिस अभिरक्षा सहित प्रोटोकाल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ले जाया जाए। उन्होने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, वाच, चाबियां, ब्लूटूथ, डिजिटल पैन, हैल्थ बैण्ड आदि इलैक्ट्रानिक गैजेट्स पूर्ण प्रतिबंध होंगे। केवल पेन, प्रवेश पत्र एवं आईडी कार्ड के साथ ही अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश कर सकेंगे।
बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट संतोष बहादुर सिंह, एसपी यातायात शैलेन्द्र श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एआरटीओ एमपी सिंह, सैक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *