सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज ने कहा कि फार्म-6 भरवाकर सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में पंजीकृत कराये जाएं। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को एसआईआर के बारे में आयोग की अपेक्षानुरूप विस्तृत जानकारी एवं आयोग के निर्देशों से विस्तार से अवगत कराया।
विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज आज जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की उपस्थिति में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों व राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों के साथ एनआईसी सभागार में बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक वर्ष मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाता है, परन्तु इस बार विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके अर्न्तगत आयोग की अपेक्षा है कि मतदाता सूची में सम्मिलित सभी मतदाताओं का गहनता से जांच कार्य हो जाए और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में दर्ज न रहे।
विशेष रोल प्रेक्षक द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में आ रही कठिनाईयों के बारे में जानकारी चाही गई। भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि योग चुघ द्वारा अवगत कराया गया कि जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समय समय पर राजनैतिक दलों के साथ बैठक कराकर सभी का फीड बैक लिया गया है।
विशेष रोल प्रेक्षक ने कहा कि नो मैपिंग तथा लॉजिकल डिस्क्रीपेन्सी के नोटिस की सुनवाई समय से करते हुए सुनिश्चित करें कि किसी भी अर्ह मतदाता का नाम मतदाता सूची से विलोपित नही होना चाहिए। इस संबंध में आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के साथ ही व्यवहारिक स्तर पर भी समस्याआंे का समाधान करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देशित किया सभी पात्र नागरिकों के फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में ईपी रेशियो एवं जेण्डर रेशियों में आयोग की अपेक्षानुरूप वृद्धि की जाए। विशेषकर युवा मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से पंजीकृत कराये जाएं। बैठक के अन्त में समस्त राजनैतिक दलों से अनुरोध किया कि प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें ताकि मतदाता सूची को अद्यावधिक व त्रुटिरहित बनाया जा सकें। बैठक में जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी चौ0 अब्दुल वाहिद, जिलाध्यक्ष, अपना दल (एस) राजकुमार पंवार, प्रतिनिधि इंडियन नेशनल कॉग्रेस सुधांशु धनगर, जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी संजय कुमार जैन, प्रतिनिधि समाजवादी पार्टी चौ. अब्दुल गफूर, जिला महासचिव, बहुजन समाज पार्टी सुनीष प्रधान, महानगर महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी योग चुघ, जिला सचिव कम्यूनिस्ट पार्टी आफ इंडिया, राव दाऊद, अपर जिलाधिकारी-प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित समस्त उपजिलाधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *