एम अफज़ल गौर
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)
कोतवाली बेहट क्षेत्र में धौला कुआं और कोठड़ी बहलोलपुर के बीच उस समय भीषण हादसा हो गया जब तेज रफ्तार से दौड़ रहे दो डंपर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों डंपरों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक गाड़ियों के बीच बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दोनों चालकों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता लेनी पड़ी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त डंपरों से बामुश्किल बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में घायल चालकों की पहचान मुजय्यन (20) और समीर (22) के रूप में हुई है। दोनों बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कोठड़ी बहलोलपुर निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद चालक तड़पते हुए बेहोश हो गए थे।
सूत्रों के मुताबिक दोनों डंपर कोठड़ी स्थित एक बंद स्टोन क्रशर के रैंप से कच्चा माल उठाकर न्यू किसान स्टोन क्रशर धौला कुआं पर ढुलाई का कार्य कर रहे थे। एक डंपर माल से भरा हुआ आ रहा था, जबकि दूसरा खाली वापस लौट रहा था। तेज रफ्तार और आमने-सामने की भिड़ंत ने दोनों वाहनों को बुरी तरह जकड़ दिया।
