सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा गठित नायाब तहसीलदार व राजस्व विभाग की टीम ने जांच के दौरान ट्रैक्टर ट्रालियों से टोल फ्री होने के बावजूद नकद अवैध वसूली, फर्जी रसीद एवं बिना रसीद धन संग्रह किए जाने की पुष्टि होने पर टोल प्लाजा मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने सभी नामजद आरोपियो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद में किसानों से अवैध वसूली की शिकायतें प्राप्त होने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए रणनीतिक एवं गोपनीय जांच के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर कुछ राजस्व कर्मियों को किसानों के भेष में सरसावा नेशनल टोल प्लाजा भेजा गया, जहाँ वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया। इस गुप्त जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से टोल-फ्री होने के बावजूद नकद अवैध वसूली, फर्जी रसीद एवं बिना रसीद धन संग्रह किए जाने की पुष्टि हुई, जिससे पूरे अवैध वसूली नेटवर्क का पर्दाफाश हो गया। जांच में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएँ पाए जाने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशानुसार तत्काल पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की गई। परिणामस्वरूप सरसावा थाने में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों के अधिकारों का उल्लंघन किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। दोषी चाहे किसी भी स्तर पर हों, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *