–सहारनपुर में रामलीलाओं की धूम, सीता हरण के मंचन ने किया भाव वजयकारे
-कलाकारों के संवाद किए जा रहे खूब पसंद गूंज रहे जय श्री राम के जयकारे

अभिमन्यु वालिया
सहारनपुर। महानगर में मंगलवार की रात विभिन्न स्थानों पर आयोजित रामलीला महोत्सवों में सीता हरण की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। लेबर कॉलोनी, कपिल विहार और अन्य रामलीला स्थलों पर भगवान श्रीराम की लीलाओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। कलाकारों के सजीव अभिनय, प्रभावशाली संवादों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सीता हरण के मार्मिक प्रसंग के दौरान दर्शक भाव-विभोर हो उठे, वहीं पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा। शहर में मानवीय कल्याण समिति, लेबर कॉलोनी, श्री आशुतोष रामलीला समिति, भारतीय कला संगम रामलीला सभा रेलवे टी-2 कॉलोनी, भारतीय कला मंच रामलीला सभा गोविंद नगर, उत्तर रेलवे रामलीला क्लब माल गोदाम रोड और श्री रामलीला कमेटी कपिल विहार सहित विभिन्न संस्थाओं की ओर से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। लेबर कॉलोनी की ओर से आयोजित भव्य रामलीला में सीता हरण के प्रसंग का प्रभावशाली मंचन हुआ। कलाकारों ने रावण की कुटिल योजना, साधु के वेश में उसके आगमन और माता सीता के हरण के दृश्य को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। लीला देखने पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान पूर्व महापौर संजीव वालिया, पार्षद मुकेश गख्खड़, मयंक गर्ग और व्यापारी नेता रवि वैश्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष प्रदीप कपिल, महामंत्री विश्वनाथ तिवारी, कोषाध्यक्ष संजय राय, संयोजक ठाकुर रामाशंकर सिंह सहित उमेश कश्यप, संदीप रावत, राजेंद्र गुप्ता गर्ग, सतेंद्र रावत, कमल श्रीवास्तव, डॉ. अश्वनी शर्मा, डॉ. मोहित शर्मा और प्रकाश पांडेय का योगदान रहा। मंच संचालन विजय गुप्ता और एडवोकेट सतीश चौधरी ने किया।
—
श्री आशुतोष रामलीला में सूर्पनखा प्रसंग से सीता हरण तक का मंचन
सहारनपुर। श्री आशुतोष रामलीला समिति की ओर से आयोजित 15वें श्रीरामलीला एवं दशहरा महोत्सव में भी सीता हरण की लीला का सुंदर मंचन किया गया। पंचवटी में प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के निवास से शुरू हुई लीला में सूर्पनखा का लक्ष्मण के समक्ष विवाह प्रस्ताव रखना, लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक काटना, खर-दूषण का भगवान श्रीराम के हाथों मारा जाना और सूर्पनखा द्वारा रावण को पूरी घटना बताने के प्रसंग दिखाए गए। लीला में श्रीराम की भूमिका गौरव चानना, लक्ष्मण की विनय दुग्गल, रावण की राजीव यादव, खर और मारीच की विकास, दूषण की लक्की भंडारी, सूर्पनखा की अभिनय, विभीषण की शिवम कक्कड़ तथा साधु रावण की भूमिका जय कालरा ने निभाई। अन्य कलाकारों ने भी अपने अभिनय से दर्शकों की सराहना प्राप्त की। निर्देशन जय कालरा ने किया। बच्चों के लिए रामलीला से संबंधित प्रश्नमंच का आयोजन भी किया गया। समिति अध्यक्ष गौरव चौधरी, महामंत्री राकेश छाबड़ा, कोषाध्यक्ष गौरव पुरी, मुख्य संयोजक संजय भसीन, प्रबंधक विनय दुग्गल, संजीव टंडन, डॉ. एमपी सिंह चावला, अमित वत्ता, राकेश राणा, अमन भाटिया, राघव सेठ, राजा छाबड़ा, दीक्षित छाबड़ा, मनीष कालरा, संजय आनंद, आनंद भाटिया, राजेंद्र महेंद्रा, शिवम महेंद्रा और गौरव चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन रवि बख्शी और अमित वत्ता ने किया।
—-
कपिल विहार में रामलीला महोत्सव का शुभारंभ
सहारनपुर। श्री रामलीला कमेटी, कपिल विहार की ओर से 13 अक्टूबर को मंच पूजन और भगवान गणेश की आरती के साथ रामलीला महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सीता हरण की लीला का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने संवादों और अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। लीला में श्रीराम की भूमिका अमन कुमार, लक्ष्मण की भोलू कुमार, सीता की वासु धीमान, रावण की अभिषेक शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित और मामा मारीच की भूमिका रोहन सक्सेना ने निभाई। सीता हरण के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया और पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी सिटी व्योम बिंदल ने फीता काटकर रामलीला का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भाईचारे, सामाजिक एकता और संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने कमेटी के प्रयासों की सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान कमेटी प्रधान विनोद कुमार, डायरेक्टर सनी सैनी, अभिषेक शर्मा, अक्षय, अनमोल, रवि सैनी, सोनू, छोटू पंडित, विवेक, राहुल, विक्की धीमान, वासु धीमान, अंशुल, मोहित और जय मल्होत्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वार्ड नंबर 21 के पार्षद कपिल धीमान ने आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। मीडिया प्रभारी रोहन सक्सेना और पंकज तलवार ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में विशेष भूमिका निभाई।
——
धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश
सहारनपुर। विभिन्न रामलीला समितियों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों ने धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति की जीवंत छटा प्रस्तुत की। आयोजकों का उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सत्य और धर्म की विजय का संदेश समाज तक पहुंचाना है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *