— आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम
— उत्कृष्ट प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया सम्मानित
(वीर वालिया)
सहारनपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिलाओं के कानूनी अधिकारों, साइबर सुरक्षा और आपातकालीन हेल्पलाइन की जानकारी देने के साथ उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी प्रथम सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और सुरक्षित वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।
— महिला अधिकारों और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण से संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय बताए गए। सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।
— हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधिकारियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने जरूरत पड़ने पर बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
— विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों और जागरूकता गतिविधियों की सराहना की गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं अध्यापकगण को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन करने के साथ महिला सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के प्रयासों में उनकी भागीदारी बढ़ाना रहा।
सहारनपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सम्मान, समानता और स्वावलंबन की भावना मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
