— आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने किया सम्मानित
— ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को बताया अहम
(वीर वालिया)
सहारनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस व आमजन के बीच मजबूत कड़ी के रूप में काम करने वाले ग्राम प्रहरियों के सम्मान में सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन सहारनपुर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि के संबंध में प्रदेशभर के ग्राम प्रहरियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किए जाने के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का आयोजन 13 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:30 बजे किया गया। समारोह में राज्य मंत्री बृजेश कुमार, राज्य मंत्री जसवंत सैनी, विधायक देवेंद्र निम और विधायक मुकेश चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, जिलाधिकारी सहारनपुर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
