श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के साथ निकली गणपति जी की भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
सहारनपुर। राज विहार सत्संग भवन में सोमवार को 19वें गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। गणपति जी के आगमन के अवसर पर शाम 4 बजे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए तथा “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ शामिल हुए।
इस वर्ष भी गणपति जी की प्रतिमा वरिष्ठ रोटेरियन एवं समाजसेवी अनिल भारद्वाज की ओर से श्रद्धापूर्वक भेंट की गई। प्रतिमा के शोभायात्रा में शामिल होने के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा गणपति जी का भव्य स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था की गई। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर अनिल भारद्वाज ने कहा कि गणपति बप्पा की प्रतिमा भेंट करना उनके लिए अत्यंत श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है। भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक, शुभता और समृद्धि के प्रतीक हैं। उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा निरंतर मजबूत हो। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को गणेश महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए महोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *