सहारनपुर। सहायक निदेशक मत्स्य ने जानकारी देते हुए बताया कि मत्स्य विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को जनसामान्य के हित में बढ़ाकर अब 5 अगस्त 2026 कर दिया गया है।
सहायक निदेशक मत्स्य द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इच्छुक लाभार्थी विभिन्न प्रमुख योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण व प्रथम वर्ष निवेश योजना, मोती संवर्धन योजना और विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस संबंध में जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुसार, इन योजनाओं का विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया और साथ में संलग्न किए जाने वाले जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी विभागीय वेबसाइट पर देखी जा सकती है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में योजना के नियमों में होने वाले सभी संशोधन प्रभावी माने जाएंगे। इसके अतिरिक्त, जिन आवेदकों के आवेदन पूर्व के वर्षों में निरस्त या प्रतीक्षारत (वेटिंग लिस्ट) रहे थे, वे भी इस बार पुनः आवेदन करने के पात्र हैं।
योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी या पूछताछ के लिए आवेदक किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, विकास भवन, सहारनपुर में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं।
