सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आगामी 2 अगस्त, 2026 को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान का भव्य आयोजन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संकल्प के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा मुक्त स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस संबंध में शासन के संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी ने राज्य के सभी निदेशकों, कुलसचिवों और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का औपचारिक शुभारंभ 2 अगस्त को माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जी देश भर के युवाओं को संबोधित करेंगे और कुछ चुनिंदा संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। उत्तर प्रदेश शासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सजीव (लाइव) प्रसारण दिखाने की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के माध्यम से देश भर के 10,000 से अधिक शिक्षण संस्थानों से लगभग 1 करोड़ से अधिक युवाओं को एक साथ जोड़ने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है।अभियान के अंतर्गत युवाओं को जोड़ने और जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रकार की रचनात्मक एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें वॉकथॉन, आर्ट कॉम्पीटिशन, मेडिटेशन (ध्यान) सत्र, जागरूकता रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल-कूद प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।
इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। शासन ने यह भी निर्देश दिया है कि इस अभियान की निरंतरता बनाए रखने के लिए आगामी दो वर्षों तक प्रत्येक रविवार को शिक्षण संस्थानों में इन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए।
