–मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में सजा के बाद जेल में कड़ी निगरानी, मुस्कान ने वकील से मिलने की जताई इच्छा
–साहिल की प्रतिक्रिया पर भी टिकी नजरें
अभिमन्यु वालिया
सहारनपुर/मेरठ। पति सौरभ राजपूत की हत्या के चर्चित नीले ड्रम मामले में मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला की जेल में पहली रात चर्चा का विषय बनी हुई है।
14 अक्टूबर को मेरठ की अदालत ने दोनों को फांसी की सजा सुनाई थी। इसके बाद जेल में उनकी मानसिक स्थिति और गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, सजा सुनाए जाने के बाद मुस्कान काफी बेचैन रही। बताया गया है कि रात में उसे नींद नहीं आई और सुबह होते ही उसने जेल अधिकारियों से अपने वकील से मिलवाने की इच्छा जताई। हालांकि, जेल में दोनों की पूरी रात की गतिविधियों और साहिल की स्थिति के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हुई।
फैसले के बाद अब कानूनी प्रक्रिया और बचाव पक्ष की आगे की रणनीति पर नजरें टिकी हैं। हालांकि, मृत्युदंड के आदेश के बाद भी निर्धारित न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने से पहले सजा पर अमल नहीं किया जाता।
—–
यह थी वारदात
सहारनपुर। यह मामला मार्च 2025 में सामने आया था, जब मर्चेंट नेवी के पूर्व अधिकारी सौरभ राजपूत की हत्या के बाद उनके शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट भरकर छिपा दिया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दोनों के खिलाफ आरोप साबित किए। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोनों को मृत्युदंड सुनाया।
