— ज्वेलरी के भुगतान के लिए दिए गए चेक हुए बाउंस
— रुपये मांगने पर जान से मारने और दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप
(वीर वालिया)
सहारनपुर। महानगर के कोर्ट रोड स्थित गौतम ज्वेलर्स के स्वामी शंकर गौतम सिंघल ने 78 लाख रुपये की ज्वेलरी की रकम हड़पने, उनके पुत्र अभय सिंघल के साथ मारपीट करने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर थाना सदर बाजार पुलिस ने छह नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी और जबरन वसूली सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार हैं।
शिकायत में शंकर गौतम सिंघल ने बताया कि शिवानी भाटला ने पहले टॉप्स खरीदकर विश्वास कायम किया और बाद में करीब 78 लाख रुपये की ज्वेलरी खरीदी। भुगतान मांगने पर आनाकानी की गई। इसके बाद व्यापार मंडल के अध्यक्ष के यहां पंचायत हुई, जिसमें पहले 68 लाख रुपये के भुगतान पर सहमति बनी और कोटक महिंद्रा बैंक का चेक दिया गया। चेक बाउंस होने पर बाद में एसबीआई के 30-30 लाख और पांच लाख रुपये के तीन चेक दिए गए, जो कथित तौर पर अनादरित हो गए।
आरोप है कि भुगतान के सिलसिले में अभय सिंघल यमुनानगर स्थित शिवानी की ससुराल पहुंचे, जहां उनके पति श्रेय जल्होत्रा ने रुपये देने से इनकार कर अभय के साथ अभद्रता की। इसके बाद 11 जुलाई को शिवानी के पिता अजय भाटला कुछ अन्य लोगों के साथ सहारनपुर पहुंचे और अभय को शोरूम पर बुलाकर मारपीट की। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान जान से मारने, दस लाख रुपये मांगने और दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
शंकर गौतम सिंघल ने 28 जुलाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की विवेचना के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *