हरिद्वार। लक्सर रोड स्थित ग्राम रानीमाजरा के रुबराज वेंकट हॉल में रविवार को सामान्य वर्ग एकता मंच के आह्वान पर यूजीसी रोलबैक एवं रिजर्वेशन रिफॉर्म की मांग को लेकर विशाल जनसभा आयोजित की गई।जनसभा में हरिद्वार के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।उत्तर प्रदेश के शामली से पहुंचे ठाकुर पूरण सिंह चौहान ने कहा कि यूजीसी तथा एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग को लेकर सामान्य वर्ग में जागरूकता बढ़ी है।किसी भी कानून का उद्देश्य न्याय और सुरक्षा देना होना चाहिए,किसी वर्ग में भय अथवा असमानता की भावना उत्पन्न करना नहीं।उन्होंने सामान्य वर्ग से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी राजनीतिक शक्ति का उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए केवल सरकारों की ओर देखने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका को समझना होगा।आगामी चुनावों में राजनीतिक दलों से सवाल पूछने और अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में समाज को गंभीरता से विचार करना चाहिए।सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्र ने कहा कि आजादी के बाद कई दशकों में आरक्षण व्यवस्था का व्यापक क्रियान्वयन हुआ है।अब आवश्यकता है कि इसके परिणामों और इससे उत्पन्न विसंगतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए।उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों में सामान्य वर्ग के युवाओं के बीच अवसरों को लेकर असंतोष है।सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए,जिसमें प्रतिभा, आर्थिक स्थिति और वास्तविक वंचना जैसे पहलुओं पर भी गंभीरता से विचार हो।ब्राह्मण महासभा उत्तराखण्ड के अध्यक्ष पंडित पदमप्रकाश शर्मा ने कहा कि आरक्षण सहित सामाजिक नीतियों पर समय के साथ पुनर्विचार और स्वस्थ बहस लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है। जनसभा में मांगेराम त्यागी,ठाकुर जयपाल सिंह चौहान,अधीर कौशिक,सुनील कुमार अग्रवाल, राजू ओबराय,उत्तम सिंह चौहान,नरेंद्र सिंह चौहान ने भी विचार रखे।जनसभा के पश्चात महाराणा प्रताप चौक धारीवाला पहुंचकर उपजिलाधिकारी लक्सर को ज्ञापन दिया गया।इस दौरान ठाकुर अर्जुन सिंह चौहान,धर्मेंद्र चौहान,अतुल चौहान,शिवकुमार चौहान,ठाकुर अक्षय चौहान,पीयूष चौहान,नाथीराम चौहान,त्रिलोक चौहान,सौरभ चौहान,सचिन चौहान,अभिषेक चौहान, पंकज प्रधान,तरुण चौहान,विशाल चौहान,शिवम चौहान,रविन्द्र शर्मा तथा नितिन चौहान सहित आयोजन समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
