सहारनपुर।  श्री विश्वकर्मा सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान श्री विश्वकर्मा जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर पूजा-अर्चना, हवन तथा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान श्री विश्वकर्मा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
जनता रोड स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ नगर विधायक राजीव गुम्बर ने भगवान श्री विश्वकर्मा जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुम्बर का श्री विश्वकर्मा सेवा समिति के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में राजीव गुम्बर ने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा जी ने समाज को कर्म, सृजन और समर्पण का मार्ग दिखाया है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।
श्री विश्वकर्मा सेवा समिति के संरक्षक गुरमीत सिंह एवं अध्यक्ष लोकेश धीमान के नेतृत्व में मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा बैंड-बाजों और धार्मिक जयघोष के साथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का पुष्पवर्षा एवं भव्य स्वागत किया।
शोभायात्रा वापस श्री विश्वकर्मा मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजा-अर्चना, हवन एवं शोभायात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक गुरमीत सिंह, अध्यक्ष लोकेश धीमान, उपाध्यक्ष अरविंद धीमान, महासचिव रामनाथ सिंह धीमान, कोषाध्यक्ष विशाल धीमान, सह सचिव सचिन मनोज पांचाल, ऑडिटर प्रमोद धीमान, संगठन मंत्री सुरेश धीमान, मीडिया प्रभारी पंकज धीमान, सह सचिव संजय धीमान सहित समिति के सदस्य बलवीर धीमान, संदीप धीमान, जोगिंदर धीमान, अनिल धीमान तथा समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *