सहारनपुर। पीएनबी करेंसी चेस्ट में करोड़ों रुपये के नकली नोट मिलने के मामले की जांच के बीच सहारनपुर पुलिस ने नकली सिक्कों के कारोबार का भी खुलासा किया है। शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 रुपये के नकली सिक्कों की बड़ी खेप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद नकली सिक्कों की कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आवास विकास कॉलोनी निवासी कुलदीप और विपिन के रूप में हुई है।दोनों के कब्जे से 20 रुपये के नकली सिक्के बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में नकली सिक्कों को बाजार में चलाने वाले नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पूछताछ में कुलदीप ने पुलिस को बताया कि वह बाजार में चार हजार रुपये के नकली सिक्के खपाने के बदले 400 रुपये कमीशन लेता था। इस खुलासे के बाद पुलिस को आशंका है कि नकली सिक्कों को बाजार में चलाने के पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिक्के कहां तैयार किए जा रहे थे और इन्हें सहारनपुर तक कौन पहुंचा रहा था। पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि अब तक कितने नकली सिक्के बाजार में खपाए जा चुके हैं और किन दुकानदारों अथवा लोगों को इनकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के साथ नकली सिक्कों की पूरी सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
