एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स इंस्पेक्टर नवीन राणा और लीगल एड डिफेंस काउंसिलों ने छात्रों को किया जागरूक
स्वास्थ्य विभाग और लीगल एड टीम ने दी सुरक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां
सहारनपुर (अजीम अख्तर/दैनिक मानव जगत)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एस ए एम इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में एक दिवसीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्रों को कानूनी अधिकारों, बाल विवाह उन्मूलन और नशा मुक्ति के प्रति विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के इंस्पेक्टर नवीन कुमार राणा ने कहा कि छात्र-छात्राएं इस उम्र में नशा माफियाओं के निशाने पर रहते हैं, जो उन्हें ड्रग ट्रैफिकिंग का जरिया बनाने की कोशिश करते हैं। इसलिए सतर्क रहकर किसी भी तरह के नशे के जाल में फंसने से बचना जरूरी है। जिला चिकित्सालय के डिस्ट्रिक्ट कंसलटेंट मुदस्सिर अली ने कहा कि नशे की लत आसानी से लग जाती है, लेकिन इससे निकलना बेहद मुश्किल होता है, इसलिए अपने जीवन को सफल बनाने के लिए नशे से दूर रहें।
सिविल कोर्ट से आए चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अमित मेहरा, निर्दोष कुमार, अर्पित कुमार व बसंत ने छात्रों को विधिक अधिकारों व सहायता के बारे में बताया। वहीं जिला चिकित्सालय से बुसरा अंसारी और कविता कुमारी ने छात्राओं को सामाजिक परिवेश, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन भूगोल प्रवक्ता ब्रिजेश पुंडीर ने किया। इस अवसर पर कला प्रवक्ता नवीन गुलाटी, समाजशास्त्र प्रवक्ता अंजू गालियान सहित विद्यालय के शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
