सहारनपुर। कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर देहरादून रोड स्थित श्री शिव शक्ति कांवड़ सेवा समिति के शिविर में उस समय श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बन गया, जब पूर्व राज्य मंत्री एवं भाजपा नेता संजय गर्ग शिविर में पहुंचे। उन्होंने शिविर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के चरणों में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति की ओर से पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। भोजन, विश्राम, जल एवं अन्य सेवा व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
संजय गर्ग ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की निस्वार्थ सेवा करना स्वयं महादेव की सेवा के समान है। जिस श्रद्धा, समर्पण और सेवाभाव के साथ समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कांवड़ियों की सेवा कर रहे हैं, वह अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है।
उन्होंने शिविर में दिन-रात सेवा में जुटे सभी कार्यकर्ताओं के सेवाभाव को नमन करते हुए उन्हें साधुवाद दिया और कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में आपसी सहयोग, श्रद्धा और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समिति पदाधिकारियों ने भी पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस पावन अवसर पर संजय गुप्ता, रवि कांत धीमान, शिव कुमार कोरी, महेश रज्जरवाल, राजन सैनी, अंकित धीमान, रवि बख्शी आदि उपस्थित रहे!
