सहारनपुर। पी.डी. अर्बन होम्स, देहरादून रोड स्थित श्री शिव शक्ति कांवड़ सेवा समिति रजि. द्वारा लगाया जाने वाला कांवड़ सेवा शिविर आज श्रद्धा, सेवा और समर्पण की एक मिसाल बन चुका है। पिछले 16 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस शिविर के पीछे एक छोटा-सा विचार और भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था की बड़ी कहानी है।
‘राष्ट्र का मोह’ से विशेष बातचीत में समिति के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने शिविर की शुरुआत से जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 25 वर्षों तक हरिद्वार से गंगाजल कांवड़ के माध्यम से लाकर भगवान शिव को अर्पित किया। कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा और श्रद्धा का जो अनुभव उन्हें मिला, उसी ने आगे चलकर कांवड़ियों की सेवा के लिए प्रेरित किया।
संजय गुप्ता बताते हैं कि प्रारंभ में इसी स्थान पर केवल जल की पेटी लगाकर कांवड़ियों के लिए पानी की व्यवस्था की जाती थी। एक दिन किसी भक्त ने उस पेटी में बर्फ डाल दी। इसी दौरान उनके साथी नंदी भोला ने सुझाव दिया कि क्यों न यहां एक व्यवस्थित कांवड़ सेवा शिविर लगाया जाए। विचार सभी को पसंद आया और धीरे-धीरे इसी विचार ने सेवा के एक बड़े संकल्प का रूप ले लिया।
इसके बाद समिति का गठन हुआ और संजय गुप्ता को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। देखते ही देखते सेवा का यह छोटा प्रयास आज 16 वर्षों की निरंतर यात्रा पूरी कर चुका है।
सेवा ही संकल्प, सेवा ही साधना
संजय गुप्ता कहते हैं कि आज यह सब भगवान शिव की कृपा से संभव हो रहा है। शिविर में आने वाले कांवड़ियों की सेवा पूरी टीम निस्वार्थ भाव से करती है। भोजन, विश्राम, जल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के माध्यम से शिवभक्तों की सेवा को समिति अपना सौभाग्य मानती है।
इस सेवा कार्य में रवि कांत धीमान, शिवा कुमार कोरी, राजन सैनी, सुरेश चंद्रा, अंकित धीमान, नीरज गोयल, महेश रज्जरवाल, हर्ष त्यागी, राजेश धीमान सहित समिति के अनेक सदस्य निरंतर अपना सहयोग दे रहे हैं।
संजय गुप्ता के शब्दों में—
“हम सेवा नहीं कर रहे, बल्कि भोलेनाथ के भक्तों की सेवा के माध्यम से स्वयं को सौभाग्यशाली मान रहे हैं। जब एक थका हुआ कांवड़िया शिविर में पहुंचकर राहत महसूस करता है और उसके चेहरे पर संतोष दिखाई देता है, वही हमारे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।”
16 वर्षों की यह सेवा बताती है कि बड़े कार्य हमेशा बड़े साधनों से नहीं, बल्कि एक छोटे से विचार, सच्ची नीयत और निरंतर समर्पण से शुरू होते हैं।
विशेष रिपोर्ट : रवि बख्शी
राष्ट्र का मोह
राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र
सत्य • निष्पक्ष • निर्भीक
हर खबर, राष्ट्र के नाम

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *