हरिद्वार। कार्य स्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और उनके आत्मसम्मान की रक्षा के लिए भारत सरकार द्वारा बनाए गए पॉश एक्ट की हरिद्वार जिलास्तरीय समिति की अध्यक्ष डा.मनु शिवपुरी, सदस्य शशी शर्मा व एडवोकेट रश्मि उपाध्याय ने हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन और आरती कर निष्पक्ष कर्तव्य निर्वहन का आशीर्वाद प्राप्त किया।जिला पॉश समिति की अध्यक्षा डा.मनु शिवपुरी ने कहा कि कामकाजी महिलाएं अपने कार्यस्थल पर काम करते हुए पूरे आत्मविश्वास के साथ काम करने में समर्थ हों और महिलाओं को उनके कार्यस्थल पर किसी भी तरह के यौन उत्पीडन का सामना ना करना पड़े।इसके लिए भारत सरकार द्वारा गठित पॉश एक्ट कामकाजी महिलाओं के लिए एक कवच है।जिसका उपयोग कोई भी उत्पीड़ित महिला निसंकोच कर सकती है,उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जिले के तमाम विभागों में विभागों की अंतरंग परिवाद समितियों का गठन किया जायेगा,ताकि हर क्षेत्र में काम करने वाली महिलाएं निर्भय होकर काम कर सकें।समिति की सदस्य वरिष्ठ पत्रकार शशी शर्मा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न(रोकथाम,निषेध और निवारण) अधिनियम 2013 लागू किया गया है।उन्होंने कहा कि महिलाओं की कार्यक्षमता में आने वाली बाधाओं को दूर करने की दृष्टि से बनाए गए एक्ट के बारे में महिलाओं के साथ पुरुषों को भी जागरूक होना चाहिए और कामकाजी महिलाओं के प्रति सम्मान रखने के साथ अपनी सीमाओं और रक्षात्मकता को भी जानना चाहिए।एडवोकेट सुश्री रश्मि उपाध्याय ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में गठित पॉश समिति जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया की देखरेख में पॉश एक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी देने के लिए वर्कशॉप का आयोजन भी करती है।गंगा पूजन के बाद समिति अध्यक्ष व सदस्यों ने हरकी पैड़ी स्थित गंगासभा कार्यालय में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.)गुरमीत सिंह से मुलाकात की।इस अवसर पर गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम,महामंत्री तन्मय वशिष्ठ,सभापति कृष्ण कुमार सहित तमाम पदाधिकारियों ने समिति को प्रसाद और गंगाजली भेंट कर सम्मानित किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *