हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ मेला-2026 के दौरान औद्योगिक गतिविधियों एवं यातायात व्यवस्था के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा वर्षभर औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े परिवहन संबंधी विषयों पर संवाद एवं समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम),सिडकुल कार्यालय के सभागार में उद्योग प्रतिनिधियों एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम),सिडकुल कमल कफ़लतिया के संयोजन में आयोजित बैठक मे परिवहन विभाग की ओर से एआरटीओ(प्रशासन)निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा मौजूद रहे। बैठक में कांवड़ मेला-2026 के दौरान भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन के संबंध में पुलिस प्रशासन द्वारा लागू किए गए यातायात प्रतिबंधों,डायवर्जन व्यवस्था एवं निर्धारित समयावधि की विस्तृत जानकारी उद्योग प्रतिनिधियों को दी गई।उन्हें बताया गया कि वे अपने उत्पादन,डिस्पैच एवं लॉजिस्टिक संचालन की पूर्व योजना इन व्यवस्थाओं के अनुरूप बनाएं, जिससे औद्योगिक गतिविधियाँ भी सुचारु रूप से संचालित होती रहें तथा कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।बैठक के दौरान विशेष रूप से ऑटोमोबाइल उद्योगों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे केवल ऐसे वाहनों के माध्यम से ही वाहनों एवं अन्य उत्पादों की डिलीवरी प्राप्त करें अथवा प्रेषित करें जो निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्मित हों तथा सभी वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन करते हों।परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि मानकों के अनुरूप निर्मित एवं विधिसम्मत वाहनों के उपयोग से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा परिवहन नियमों के उल्लंघन की संभावनाओं में कमी आएगी।परिवहन विभाग द्वारा सभी उद्योग प्रतिनिधियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सड़क सुरक्षा को संस्थागत रूप से बढ़ावा देने का आग्रह किया गया।बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों के कारण समय-समय पर उत्पन्न होने वाली यातायात जाम की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा की गई।उद्योग प्रतिनिधियों से इस संबंध में व्यावहारिक सुझाव आमंत्रित किए गए।परिवहन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि जिन भारी वाहनों द्वारा बार-बार यातायात व्यवस्था बाधित की जाती है अथवा परिवहन नियमों का निरंतर उल्लंघन किया जाता है,ऐसे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर उन्हें भविष्य में ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्यवाही भी की जाएगी।बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने परिवहन विभाग एवं जिला प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।कांवड़ मेला-2026 के दौरान सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं यातायात व्यवस्थाओं का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।बैठक में हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल),हीरो मोटोकॉर्प,पैनासोनिक,हैवेल्स,किर्बी सहित सिडकुल क्षेत्र की अनेक प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।सभी प्रतिभागियों ने उद्योग एवं प्रशासन के मध्य इस प्रकार के नियमित संवाद को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे समन्वयात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर बल दिया।
