सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारी को धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में वांछित आरोपी जावेद मलिक उर्फ मोनू निवासी ग्राम खटोली, थाना नागल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को अहमदबाग निवासी अमित गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि व्हाट्सएप के माध्यम से उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगी गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। 16 जुलाई को पुलिस ने आरोपी को सहारनपुर-दिल्ली रोड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे और निशानदेही पर एक तमंचा (.315 बोर), पांच जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आम्र्स एक्ट सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बड़ा गैंगस्टर बनने और रंगदारी के जरिए पैसा कमाने की मंशा रखता था। सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान जिशान अख्तर से हुई। आरोपी ने व्यापारी अमित गुप्ता और उनके परिवार की जानकारी, मोबाइल नंबर और घरों की तस्वीरें जिशान को भेजीं तथा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर रंगदारी मांगने की सलाह दी। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।’
