सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलबीर चैधरी ने तथा संचालन विनीत कुमार, तहसील अध्यक्ष नकुड़ ने किया। बैठक के बाद किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में किसानों ने रेलवे फाटकों पर सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कराने, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान जल्द कराने, रात्रि में होने वाले अवैध कार्यों पर रोक लगाने, सहकारी समितियों में किसानों को ब्याज संबंधी राहत देने, मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद गांवों में नियमित रूप से लेखपालों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने, किसान सम्मान निधि की बंद पड़ी वेबसाइट को तत्काल चालू कराने तथा रामपुर मनिहारान से कालेन रोड राजवाहे की पटरी वाली सड़क का चैड़ीकरण कराने की मांग उठाई।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष शेरपाल सिंह दराना, जिला अध्यक्ष चैधरी सुदेशपाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *