सहारनपुर। न्यू साकेत कॉलोनी निवासी सचिन पुत्र प्रमोद कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर एक महिला एवं उसके परिजनों पर कथित रूप से फर्जी बैनामे के आधार पर 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा उसकी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में अपना मकान बेचने के बाद सचिन ने न्यू साकेत कॉलोनी में 50 वर्ग गज का मकान खरीदने का सौदा किया था। आरोप है कि 29 नवंबर 2022 को लिखित समझौते के तहत 5 लाख रुपये का भुगतान करने के बाद उन्हें मकान का कब्जा भी दे दिया गया, लेकिन आज तक संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
पीडित का आरोप है कि बाद में पता चला कि विक्रेता द्वारा दिखाई गई रजिस्ट्री और संबंधित खसरा विवरण वास्तविक संपत्ति से मेल नहीं खाते। उनका कहना है कि रजिस्ट्री में दर्ज खसरा संख्या एवं अन्य विवरण मौके की स्थिति से भिन्न हैं, जिससे उनके साथ कथित धोखाधड़ी हुई है।
सचिन ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पक्ष द्वारा मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है तथा बिजली और पानी का कनेक्शन भी कटवा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वे मानसिक तनाव में हैं।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित फर्जी बैनामे की सत्यता की जांच, आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा उनके 5 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *