नई दिल्ली, 27 जून। प्रधानमंत्री 27 से 29 जून, 2026 तक सेशेल्स गणराज्य की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर हो रही है, जिसमें प्रधानमंत्री सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रस्थान से पूर्व जारी अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने कहा कि सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और हिंद महासागर क्षेत्र में विश्वसनीय साझेदार है। उन्होंने कहा कि भारत के विजन महासागर तथा वैश्विक दक्षिण के प्रति साझा प्रतिबद्धता के तहत दोनों देशों के बीच सहयोग निरंतर मजबूत हो रहा है। इस वर्ष भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं, जो आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और दोनों देशों के नागरिकों के बीच गहरे आत्मीय संबंधों का प्रतीक हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि फरवरी 2026 में राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी की सफल भारत यात्रा के बाद अब दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता से द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देश अपने नागरिकों की प्रगति के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने इसे दोनों देशों के मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को प्रदर्शित करने वाला ऐतिहासिक अवसर बताया।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वे सेशेल्स में बसे भारतीय समुदाय से मिलने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लोगों ने पीढ़ियों से भारत और सेशेल्स के बीच विशेष मित्रता को मजबूत करने और दोनों देशों के बीच जीवंत सेतु की भूमिका निभाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा भारत-सेशेल्स संबंधों को और अधिक गहरा करेगी, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *