सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान ने गांव मनोहरपुर में नवनिर्मित अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के पश्चात अधिकारियों ने लाईब्रेरी का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित गांव के बच्चों से संवाद किया। उन्होने बच्चों को डिजिटल उपकरणों और पुस्तकों का सही उपयोग करने तथा जीवन में आगे बढने के लिए प्रेरित किया।
अरविंद कुमार चैहान ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि इस गांव के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। ग्रामीण युवा अब यहां बैठकर वैश्विक स्तर की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आसानी से कर सकेंगे। डिजिटल लाइब्रेरी की यह शुरूआत गांव और जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाई पर ले जाएगी।
जिलाधिकारी द्वारा शिक्षा के उजियारे के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर वन महोत्सव के अन्तर्गत पौधारोपण भी किया। उन्होने ग्रामीणों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश दिया। उन्होने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गयी स्टालों का निरीक्षण किया तथा बच्चों को अन्नप्राशन कराया।
रात्रि ग्राम चैपाल के आयोजन में ग्रामीणों एवं प्रशासन के बीच का संवाद बेहद सकारात्मक रहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होने कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सरकार की योजनाएं बताई और अधीनस्थ अधिकारियों को पात्र सभी को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारीगण, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
