अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस और आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना चिलकाना पुलिस और एटीएस इकाई सहारनपुर ने लगातार 17 वर्षों से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी बांग्लादेशी अभियुक्त को धर दबोचा है। गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र, एक मोबाइल फोन और फर्जी दस्तावेज (आधार कार्ड आदि) बरामद हुए हैं।
साइफन पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहारनपुर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी चिलकाना विनोद कुमार और एटीएस इकाई के निरीक्षक सुधीर कुमार उज्जवल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने वांछित बांग्लादेशी अभियुक्त जाहिद पुत्र अहमद फकीर उर्फ डल्लू को चिलकाना क्षेत्र के साइफन पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
2009 से ही चल रहा था फरार
पुलिस के अनुसार, मामला साल 2009 का है जब थाना कुतुबशेर में बिना वैध दस्तावेजों और पासपोर्ट के भारत में घुसने के आरोप में विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में तीन अभियुक्तों को सजा हो चुकी थी, लेकिन जाहिद जमानत मिलने के बाद से ही माननीय न्यायालय से लगातार फरार चल रहा था। अदालत द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पहचान छिपाकर पंजाब में रह रहा था आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त जाहिद वर्तमान में पंजाब के एसएएस नगर (मोहाली) के डेराबस्सी में नाम और पहचान छिपाकर रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता साकडला (बांग्लादेश) है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और बांग्लादेशी पहचान पत्र मिला। मोबाइल की जांच करने पर उसमें फर्जी आधार कार्ड और अन्य संदिग्ध दस्तावेजों की तस्वीरें बरामद हुई हैं।
म्यांमार और नेपाल से भी जुड़े हैं तार
शुरुआती जांच और पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी जाहिद वर्ष 2009 के बाद से पुलिस से बचने के लिए भारत के अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहा था। इसके म्यांमार, बांग्लादेश और अन्य देशों के संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में होने की भी जानकारी मिली है। जांच में यह भी पता चला है कि उसकी पत्नी नेपाल की रहने वाली है। पुलिस अब देश के विभिन्न हिस्सों में छिपे इसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।
दर्ज हुआ नया मुकदमा
इस गिरफ्तारी के बाद आरोपी जाहिद के खिलाफ थाना चिलकाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 340(2) और विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम:
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार, एटीएस प्रभारी सुधीर कुमार उज्जवल, मुख्य आरक्षी पुष्पराज सिंह, अमित कुमार, अंशुल कुमार, यज्ञदेव आर्य, हेड कांस्टेबल विवेक चिकारा और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *