अजीम अख्त
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर: सहारनपुर परिक्षेत्र में नशे के सौदागरों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” – “नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक शातिर और हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई है।

जानकारी के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक शातिर ड्रग्स सप्लायर स्मैक की डिलीवरी देने आ रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नहरवायी की पुलिया के पास जाल बिछाया और 30 वर्षीय अभियुक्त मुदस्सिर अली (पुत्र महबूब, निवासी ग्राम परागपुर, थाना चिलकाना, सहारनपुर) को धर दबोचा। तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से 31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर मुदस्सिर अली लंबे समय से सहारनपुर और आसपास के इलाकों में स्मैक की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। इस काले कारोबार से उसने बहुत कम समय में काफी बेनामी संपत्ति और धन अर्जित किया है। पुलिस अब इसकी संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है। इसके साथ ही, पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि मुदस्सिर स्मैक कहाँ से लाता था (Backward Link) और आगे किन-किन छोटे पैडलर्स या युवाओं को सप्लाई करता था (Forward Link)। इस रैकेट से जुड़े अन्य सफेदपोशों और तस्करों पर भी जल्द गाज गिर सकती है।
पकड़ा गया आरोपी मुदस्सिर अली कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि शातिर अपराधी है। इसके खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों (चिलकाना, देवबंद, कुतुबशेर, जनकपुरी, कोतवाली नगर) में एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, और गंभीर धाराओं के तहत करीब 7 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। ताजा मामले में थाना कुतुबशेर पुलिस ने उसके खिलाफ मु0अ0सं0- 258/2026 धारा 8/21/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है, जहाँ से उसे जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस शातिर अपराधी को सलाखों के पीछे पहुँचाने में थाना कुतुबशेर के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक (SI) भूपेश शर्मा, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल योगेश कुमार की मुख्य भूमिका रही।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *