अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने और आमजन को सुरक्षा का अहसास कराने के लिए सहारनपुर पुलिस बेहद गंभीर नजर आ रही है। आज डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह सख्त निर्देशन में पूरे जनपद में सघन पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। उच्च अधिकारियों के आदेश पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।
थाना सदर बाजार और कुतुबशेर प्रभारियों ने संभाला मोर्चा
इस विशेष अभियान के तहत थाना सदर बाजार प्रभारी चन्दरसैन सैनी और थाना कुतुबशेर प्रभारी संतोष कुमार त्यागी ने भारी पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों और सार्वजनिक स्थलों पर पैदल मार्च किया।
गश्त के दौरान चौराहों और मुख्य मार्गों पर संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की रोक-टोक कर सघन चेकिंग की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त हिदायत दी गई और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
जनता से संवाद “बिना डर के करें व्यापार, पुलिस आपके साथ”
पैदल मार्च के दौरान थाना प्रभारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों और राहगीरों से सीधा संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे बिना किसी भय के अपना व्यापार और दैनिक कार्य करें, पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है। साथ ही, उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अराजक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
डीआईजी और एसएसपी के साफ निर्देश हैं कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। जनता की सुरक्षा ही सहारनपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
