मेरठ 15 मई । बुलंदशहर में शादी समारोह से लौट रहे चार दोस्तों की कार हापुड़ के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
शादी समारोह से लौट रहे थे चार दोस्त
मेडिकल थाना क्षेत्र की उत्तराखंड कॉलोनी निवासी और भाजपा युवा मोर्चा जागृति विहार मंडल अध्यक्ष विशांत त्यागी अपने तीन दोस्तों लवी, ललित चौहान और मिथुन के साथ बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात चारों कार से मेरठ वापस लौट रहे थे।
रास्ते में हापुड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक बुरी तरह फंस गए। इस हादसे में विशांत त्यागी, लवी और ललित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मिथुन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
–
