डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मिशन तथा उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को रामलीला टिल्ला क्षेत्र में नगर विकास विभाग के मंत्री ए.के. शर्मा द्वारा स्वीकृत लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नाले के कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति,गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं कार्य की गति का गहनता से जायजा लिया।मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नाले का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।उन्होंने कहा कि निर्माण गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके। साथ ही नाले के साथ बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए जिससे लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने एवं कार्य की सतत समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूर्ण कराना नहीं बल्कि उसे टिकाऊ,गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी बनाना है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।क्षेत्र का समग्र विकास एवं नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर भाजपा जिलामहामंत्री सुनील दर्शन,सभासद मनोज वर्मा,अमन तोमर,अमित सुधा,कर्तयांश खटिक,श्रवण मोघा,राधे वर्मा, अनुज पच्चीसिया,मनु प्रिय मजदूर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
